गरीबों के काटे पेयजल कनैक्शन


डबवाली दर्पण।
वार्ड 7 व 6 इंदिरा नगर में उस समय हंगामा हो गया जब जन स्वास्थ्य विभाग का एक दस्ता यहां अपने ही प्लॉटों में झुगियां बनाकर रहने वाले गरीब लोगों के पेयजल कनैक्शन काटने आ पहुंचा। यहां के लोग एकत्रित होकर वार्ड सात की नगर पार्षद अंजु बाला के आवास पर पहुंचे। अंजु बाला सभी को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग में आ पहुंची और एसडीओ भानी राम को उनकी व्यथा सुनाई। एसडीओ भानी राम ने स्पष्ट किया कि भोला राम शर्मा नामक व्यक्ति द्वारा सीएम विंडों पर इनके कनैैक्शन अवैध होने की शिकायत की थी। इसी आधार पर यह कार्रवाही अमल में लाई जा रही है। इसके बाद भानी राम ने उन्हें दो दिन का समय देकर मामले को ठंडा किया।
यहां के निवासियों ने बताया कि उन्हें इंदिरा गांधी पेयजल योजना के तहत कनैक्शन दिए गए थे उस समय टैंकियां भी दी गई थी लेकिन टैंकिया वापिस उठा ली गई थी। इस पर एसडीओ भानी राम ने कहा कि यदि इंदिरा गांधी पेयजल योजना के तहत कनैक्शन दिए गए थे तो इसकी जांच की जाएगी यदि जांच में सही पाया गया तो कनैक्शन नहीं काटे जाएंगे। इस अवसर पर पार्षद अंजु बाला के साथ नगर पार्षद रमेश बागड़ी व युद्धवीर रंगीला मौजूद रहे और उन्होंने कहा कि इसकी निष्पक्ष जांच करवाई जानी चाहिए और गरीबों के कनैक्शन न काटे जाएं।