सेवा भारती बाल संस्कार केंद्रों पर जन्मदिवस पर बांटी लेखन सामग्री
डबवाली दर्पण।
जैसे-जैसे शिक्षा का उजाला फैलता जा रहा है और लोगों में जागरूकता आ रही है। वैसे-वैसे लोग पश्चिमी सभ्यता छोड़ वापिस भारतीय संस्कृति में मुडऩे लगे हैं और फिजूलखर्ची न करके कुछ सार्थक करने में जुटे हैं। ऐसा ही एक उदाहरण बीती सायं सेवा भारती द्वारा धालीवाल नगर में संचालित वीर हकीकत राय बाल संस्कार केंद्र एवं शिव नगर में स्थित वीर छत्रपति शिवाजी बाल संस्कार केंद्र पर देखने को मिला। जहां एपेक्स क्लब के पीआरओ एपेक्सीय रमनप्रीत सिंह सपरिवार अपना जन्मदिवस मनाने पहुंचे। इस दौरान ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल में कॉ-ऑर्डीनेटर उनकी पत्नी नवजोत कौर ने बच्चों से बातचीत की और उनसे अंग्रेजी में कविताएं भी सुनी। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को लेखन सामग्री वितरित की, जिसे पाकर बच्चे बहुत खुश हुए। सेवा भारती के सचिव डॉ. राज कपूर ने उनका आभार व्यक्त करते हुए उन्हें प्रेरित किया कि वह भी वंचित बस्तियों में सामाजिक कार्यों में अपना हाथ बढ़ाएं। इस मौके उनके साथ क्लब के प्रोजेक्ट चेयरमैन रोबिन ग्रोवर, सेवा भारती के वरिष्ठ सदस्य सुरेंद्र मोंगा, राजन सुंधा, जगदीप सोढ़ी, बेबी सीरत कौर, केंद्र की अध्यापिकाएं जसविंद्र कौर व रानी मौजूद थे।