प्रदेश की हॉट सीट डबवाली विधानसभा में सतीश जग्गा होंगे भाजपा के चुनाव प्रबंधक। 

भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनावों को लेकर कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती। इसके लिए पार्टी में चुनाव प्रबंधन के लिए अलग से एक विभाग बनाया है जिसके तहत विधानसभा में अनुभवी, कुशल और सुझवान नेता को पार्टी हाईकमान ने चुनाव प्रबंधन संयोजक नियुक्त किया है। प्रदेश की हॉट सीट डबवाली विधानसभा में चुनावी रणनीति की कमान वरिष्ठ नेता सतीश जग्गा को सौंपते हुए विधानसभा चुनाव प्रबंधन का महत्वपूर्ण कार्य दिया है। इसी प्रकार विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला के निर्वाचन क्षेत्र में महिला नेत्री निताशा सिहाग संयोजक और नरेश कटारिया सहसंयोजक होंगे। हरियाणा सरकार में माटी कला बोर्ड के चेयरमैन रहे गुरुदेव सिंह राही को रानियां विधानसभा, जिला पार्षद नछत्तर सिंह मराड़ को कालावालीं विधानसभा तथा कृष्ण मैहता को सिरसा विधानसभा को चुनाव प्रबंधन संयोजक नियुक्त किया गया है। 

यह होंगे चुनाव प्रबंधन में काम -
पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए मार्ग प्रशस्त करना, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकर रणनीति बनाना, पार्टी प्रत्याशी, स्टार प्रचारकों तथा अन्य नेताओं के कार्यक्रम तय करना, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया में क्या मैटर जाएगा और किस कार्यकर्ता की जिम्मेवारी होगी तय करना, लगातार जनता से फीडबैक लेना, सामाजिक टोली व्यवस्था, नुक्कड़ सभाएं, ग्राम सभाएं तथा बड़ी रैलियां करवाने की व्यवस्था, चुनाव प्रचार की दृष्टि से वाहन व्यवस्था, प्रचार सामग्री बनवाना ओर उसका प्रचार करना, प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर प्रचार सामग्री लगवाना, सूचना व्यवस्था, प्रचार वाहन व्यवस्था, आवास व्यवस्था, कानूनी प्रक्रिया तथा आचार संहिता की पालना के लिए अधिवक्ताओं से मार्गदर्शन लेना सहित अनेक बिंदु चुनाव प्रबंधन में शामिल हैं। 

क्या कहते हैं नवनियुक्त विधानसभा चुनाव प्रबंधन संयोजक। 
अपनी नियुक्ति पर विधानसभा संयोजकों ने कहा कि राष्ट्रहित में एक बार फिर से नरेंद्र मोदी को देश सौंपने की मुहिम में वह बढ़-चढ़कर इस दायित्व के जरिए अपना सहयोग देंगे तथा पार्टी आलाकमान ने उन्हें जो दायित्व सौंपा है उस पर खरा उतरेंगे और अपनी अपनी विधानसभा में लोकसभा प्रत्याशी की जीत को सुनिश्चित करेंगे। प्रयास होगा कि विधानसभा के सभी नेता तथा कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव को प्राथमिकता देते हुए आमजन में केंद्र तथा प्रदेश सरकार के कार्यों तथा पार्टी की नीतियों से आमजन को अवगत करवाने समर्पण भाव से काम करें।