वी.कामराज होंगे सिरसा लोकसभा सीट से उम्मीदवार!

                5 मार्च से शुरू करेंगे सिरसा संसदीय सीट पर प्रचार, पब्लिक से करेंगे सीधा संवाद
                                                       
डबवाली दर्पण  

सेवानिवृत्त आईपीएस वी. कामराज सिरसा लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे। पार्टी की ओर से हालांकि इसकी विधिवत घोषणा बाद में की जानी है। मगर, वी. कामराज की ओर से कल 5 मार्च से सिरसा संसदीय सीट पर अपना प्रचार अभियान शुरू किया जाएगा। सिरसा संसदीय सीट में 9 विधानसभा सीट आती है। वे सिरसा में बतौर पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य कर चुके है। उनका सिरसा में कार्यकाल आज भी याद किया जाता है। उन्होंने आतंकवाद के दौर में ऐसे पुलिस अधिकारी के रूप में कार्य किया, जिसके सिरसा से तबादला किए जाने पर सिरसावासियों ने रोष प्रदर्शन किया था। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान न केवल आतंकवाद को कुचलने का काम किया, बल्कि आमजन से सीधा संवाद कायम किया था। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुलझाने का काम किया। उनके कार्यकाल के दौरान असामाजिक तत्व सिरसा से पलायन कर गए थे। वी. कामराज अपनी अलग कार्यशैली के लिए सर्विस काल में पहचान गए। उन्हें पुलिस शौर्य पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है। 
निकट भविष्य में होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा की ओर से वी. कामराज को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी कर ली गई है। पार्टी हाईकमान की ओर से ही उनके नाम का प्रस्ताव रखा गया है। पार्टी उनकी छवि को भुनाने की तैयारी कर चुकी है। पार्टी हाईकमान से मिली हरी झंड़ी के बाद ही संभवत: वी. कामराजा ने आज सिरसा का रूख किया। उन्होंने श्री बाबा तारा कुटिया में माथा टेका। उन्होंने यहां पर लोगों से सीधा संवाद कायम करने की भी कोशिश की। बातचीत में वी. कामराज ने कहा कि यदि पार्टी ने चाहा तो वे सिरसा की जनता की सेवा करना चाहेंगे। उन्होंने बताया कि वे कल 5 मार्च से लोगों के बीच जाएंगे और उनसे सीधा संवाद कायम करेंगे। उनके सिरसा के चुनावी मैदान में उतरने की चर्चाएं पिछले कई दिनों से चल रही थी। लेकिन अब यह तय हो गया है कि वी. कामराजा ही भाजपा के सिरसा लोकसभा सीट से उम्मीदवार होंगे। पार्टी की ओर से इसकी औपचारिक घोषणा शीघ्र की जा सकती है।
विरोधियों में मची खलबली
वी. कामराज की उम्मीदवारी की चर्चाभर से विरोधियों में खलबली मच गई है। 
अन्य दलों के पास उनके मुकाबले का कोई उम्मीदवार नहीं है। उच्च शिक्षित होने के साथ-साथ वी. कामराज अपनी कार्यशैली का वर्षों पहले ही सबूत दे चुके है। उन्होंने नौकरशाह होने के बावजूद आमजन के हित में कार्य किए थे और राजनीति में उतरने के बाद वे सिरसा के लोगों के सुख-दुख में अधिक शरीक होंगे। सिरसा की आवाज संसद में बुलंद करेंगे, इसका सिरसा वासियों को पूरा भरोसा है। अन्य दलों के प्रत्याशियों के पास ऐसी छवि वाला कोई उम्मीदवार नहीं है, जिसकी गूंज घर-घर तक हो। वी. कामराज अपनी कार्यशैली की वजह से पूरे सिरसा में पैठ बनाए हुए है। उनके चुनाव मैदान में उतरने पर विरोधी भी मैदान छोड़ जाएंगे।