डबवाली दर्पण 
सूर्य भगवान के उपासक महान तपस्वी बाबा रामगिर जी महाराज सेवा समिति द्वारा यहां से लगभग 16 किलोमीटर दूर कालांवाली सड़क मार्ग पर स्थित गांव पन्नीवाला रुल्दु के खेतों में स्थित चमत्कारी संत बाबा श्री रामगिर जी महाराज की समाध पर स्थापित किए जा रहे 'पंछी विहार' का शिलान्यास 16 मार्च को प्रात: 8.15 बजे नईं अनाज मंडी रोड मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्यारे लाल अग्रवाल करेंगे। यह जानकारी देते हुए संस्था के प्रबंधक सचिव सतपाल चलाना ने बताया कि संस्था के सरप्रस्त सीए प्रवीण जिंदल, नईं दिल्ली के सांनिघ्य में समाध पर श्रद्धालुओं के सहयोग से एक बड़ा हाल बनाया जा रहा है जिसका निर्माण कार्य प्रगति पर चल रहा है। इस निर्माण कार्य पर लगभग 20 लाख रुपए की राशि खर्च होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व यहां पर 6 लाख की लागत से समाध के चारो तरफ ग्रेनाइट पत्थर लगाया जा चुका है। संस्था के अध्यक्ष सौरभ गर्ग, सेवादार सुरेंद्र सिंगला ने बताया कि प्रतिदिन यहां पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन पहुंचकर बाबा जी का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। उन्होंने बताया कि यहां पर श्रद्धालु अपनी मनोकामना लेकर आते हैं। श्रद्धालुजन अपनी मनोकामना पूरी होने पर बाबा जी को चूरमे का प्रसाद अर्पित करते हैं। बाबा जी के जीवन के बहुत से चमत्कारी प्रमाण हैं जोकि गांव में रहने वाले पुराने ग्रामीण बताते हैं। वह एक फकीर संत थे जिन्होंने सदैव मिट्टी के टीलों पर लेटकर सूर्य भगवान की ओर नजरें टिकाकर उनकी तपस्या की। यही कारण है कि वह जो भी वचन करते थे वह अवश्य ही पूरा होता था। आज भी वही पंरपरा चल रही है। यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने बताया कि बाबा जी के दिए गए वचन के मुताबिक यहां पर कोई भी गद्दीदार व अन्य संत विराजमान नही है।