चेयरमैन बनाए जाने पर आदित्य देवीलाल के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित

डबवाली दर्पण। 
रियाणा सरकार द्वारा भाजपा नेता आदित्य देवीलाल को सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक का चेयरमैन नियुक्त किए जाने पर डबवाली की अनाज मंडी में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विशाल मंच पर भाजपा के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। आदित्य देवी लाल खुली जीप में सवार होकर 101 ढोल नगाड़ों की थाप के साथ मंच तक पहुंचे तो चौ. देवीलाल के नारों से पंडाल गूंज उठा। ठसा-ठस भरे पंडाल में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए आदित्य देवी लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने जो जिम्मेवारी उन्हें सौंपी है वह उस जिम्मेवारी को निष्ठा ईमानदारी के साथ निभाएंगे और सरकार की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे। उन्होंने कहा कि वह मजूदरों, किसानों और कमेरा वर्ग के दर्द से अच्छी तरह वाकिफ हैं और दर्द की मरहम बनकर जो जख्म पूर्व की सरकारों और अफसरशाही ने दिएं हैं उन्हें भरने का काम करेंगे। 
आदित्य ने किसी राजनीतिज्ञ का नाम लिए बिना कहा कि अब किसी से डरने की जरूरत नहीं और आगामी लोकसभा चुनाव में कमल के फूल पर बटन दबाकर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उनका हाथ मजबूत करें। उन्होंने कहा कि यदि जनता ने उन्हें ताकत दी तो वे हमेशा की तरह जनता का साया बनकर साथ चलेंगे। इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष यतिन्द्र सिंह एडवोकेट, सुनीता दुग्गल, हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन पवन बैनीवाल, महामंत्री विजय वधवा, अभिमन्यु कोचर, सतिन्द्र गर्ग, वियजंत शर्मा, गौरव मोंगा, अभिमन्यु कोछड़, रवि सेठी, संगरिया के विधायक गुरदीप शाहपीनी व डा. वेद बैनीवाल सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे और सैंकडों ने उन्हें सम्मानित किया।
आदित्य की दावेदारी कर दी पुख्ता
डबवाली दर्पण। 
भाजपा के जिलाध्यक्ष यतिन्द्र सिंह व सिरसा संसदीय क्षेत्र की प्रमुख दावेदार सुनीता दुग्गल व पवन बैनीवाल ने आदित्य देवी लाल को डबवाली का विधायक बनाए जाने की भी प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से घोषणा कर डाली। उन्होंने संयुक्त रूप से कहा कि अब किसी से डरने की जरूरत नहीं है। इस इलाके के लोगों में जो भय था उस भय को अब दूर करने के लिए ऐसा व्यक्ति आदित्य देवी लाल के रूप में भाजपा ने दिया है। उन्होंने कहा कि आदित्य देवीलाल  अब डबवाली विधानसभा की जनता के लिए हर समय मौजूद रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अब लोहे व मिठ्ठी गोली देने वालों के दिन लद गए। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में कमल के फूल पर मोहर लगाकर आदित्य चौटाला की ताकत को उजागर करें।

डबवाली दर्पण 
आदित्य देवी लाल के सम्मान समारोह से भाजपा नेता देव कुमार शर्मा, मार्केट कमेटी के चेयरमैन बलदेव सिंह मांगेआना व सतीश जग्गा दिखाई नहीं दिए। जिसे लेकर आमजन में चर्चा का विषय बना रहा।