हांसी में हुई इनेलो की रैली ने अब तक अन्य राजनीतिक दलों द्वारा प्रदेश में की गई रैलियों के सभी रिकार्ड तोड़ दिए हैं। जिस प्रकार लाखों की संख्या में हरियाणा के लोगों ने पहुंचकर इनेलो को समर्थन दिया है उससे यह साबित हो गया है कि प्रदेश में इनेलो का वर्चस्व पूर्व की भांति आज भी कायम है। यह बात इनेलो के हलका अध्यक्ष विनोद अरोड़ा ने रविवार को जारी प्रैस विज्ञप्ति में कहे।
उन्होंने कहा कि हांसी रैली ने विरोधियों की जुबान पर ताले लगा दिए हैं। रैली में भारी संख्या में लोगों ने पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला, भाई अभय सिंह चौटाला तथा पार्टी के हर पदाधिकारी व कार्यकर्ता के हौंसले बुलंद करने का काम किया है। इसके लिए वह रैली में शामिल होने वाले सभी लोगों व पार्टी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हैं।
विनोद अरोड़ा ने कहा कि डबवाली इलाके में इनेलो पार्टी को मजबूती देने के लिए जल्द ही सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा। शहर व गांवों में अधिक से अधिक लोगों को पार्टी के साथ जोडेंगे। इनमें सामाजिक कार्यकर्ताओं व आमजन के जुड़े वरिष्ठ लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी। बाद में इन्हीं लोगों को संगठन में अलग-अलग पदों पर नियुक्तियां दी जाएगी। ये पदाधिकारी आम पब्लिक की समस्याओं का समाधान करवाने के लिए टीम के रूप में कार्य करेंगे। उन्होंने इनेलो कार्यकर्ताओं से यह भी आह्वान किया कि वे पूर्व में पार्टी छोड़ कर गए लोगों को भूल कर आगे बढ़ें। पार्टी को मजबूत करने के लिए जी-जान लगा दें। आने वाला समय देश व प्रदेश के चुनावों का है। प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार से दुखी व परेशान हैं। इनेलो कार्यकर्ता अब जितनी मेहनत करेंगे उतना ही चुनावों में पार्टी को लाभ होगा व हरियाणा में इनेलो की जनहितैषी सरकार बनेगी और लोगों की दुख, तकलीफ व परेशानियों का खात्मा होगा।



0 Comments